दीपावली का त्योहार लोग अमन चैन से मनाएं, इसके लिए जालंधर कमिश्नरेट पुलिस और देहात पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। लोगो की सुरक्षा में 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं जो स्पेशल नाको से लेकर गली-मोहल्लों में गश्त करते नजर आएंगे।
डीसीपी सिटी जगमोहन सिंह और एसएसपी देहात स्वर्णदीप सिंह संधू ने बातचीत में कहा कि दीपावली खुशियों से भरा त्योहार है और लोगों की सुरक्षा के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि जिले के सभी बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है क्योंकि हाल ही में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार पकड़े गए हैं।
डीसीपी जगमोहन ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में अतिरिक्त स्टाफ लगाया है ताकि सूचना मिलते ही तुरंत इलाके में मौजूद पुलिसकर्मी तक जानकारी पहुंचाई जा सके।
उधर, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई 10 दिन की रिमांड में जालंधर कमिश्नर पुलिस के पास है जिससे सिटी पहले ही अलर्ट पर है और त्योहारी सीजन के भीड़भाड़ भरे माहौल में पुलिस की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
जालंधर में रविवार को संडे बाजार लगता है जिसमें हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं, उनकी सुरक्षा को लेकर भी बाजारों में पुलिस बल तैनात किया गया है। संडे बाजार में जेब कतरों के साथ लुटेरे भी एक्टिव होते हैं और फोन, पर्स और ज्वेलरी पर झपट्टा मारकर ले उड़ते हैं।