पठानकोट/सरना। सीआईए स्टाफ की पुलिस ने सुजानपुर में लॉटरी स्टाल की आड़ में दड़ा-सट्टा चलाने के आरोप में भाजपा पार्षद समेत 3 लोगों को काबू किया है। आरोपियों से 18 लाख 6 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान सुजानपुर निवासी भाजपा पार्षद अशोक बावा, विनोद कुमार उर्फ शम्मी और रॉकी कुमार के तौर पर हुई है। बता दें कि भाजपा पार्षद पठानकोट में बड़े स्तर पर लॉटरी स्टाल चलाता था। जिले में उसके 10 से अधिक स्टाल हैं। आरोपी पार्षद पर लॉटरी स्टाल की आड़ में दड़ा-सटटा चलाने के पहले भी 4 मामले दर्ज हैं। आरोपी इन मामलों में जमानत पर था।
सीआईए स्टाफ ने ऐसे किया काबू
सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी सरकारी लॉटरी की आड़ में दड़ा सट्टा चला रहे हैं। जिसके बाद इन लोगों को काबू किया गया। उन्होंने बताया कि बीते दिन भी इन लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। इंस्पेक्टर अनिल पवार ने बताया कि आरोपियों से 18 लाख, 6 हजार, 970 रुपये, दड़े-सट्टे में इस्तेमाल होने वाली पर्चियां और अन्य सामान बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं। वहीं, एसएसपी पठानकोट अरुण सैनी ने दड़ा-सट्टा चलाने वाले और नशा तस्करों को भी चेतावनी दी कि पठानकोट में विशेष मुहिम के तहत कार्रवाई की जा रही है। अगर कोई पकड़ा गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।