200 मीटर दौड़ में आकाशदीप प्रथम
56वीं पंजाब पुलिस गेम्स एवं एथलेटिक्स मीट का दूसरा दिन
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
पीएपी हेडक्वार्टर में आयोजित 56वीं पंजाब पुलिस गेम्स एवं एथलेटिक्स मीट के दूसरे दिन शुक्रवार को वालीबाल, बास्केटबाल, फुटबाल व रस्साकसी के अलावा एथलेटिक्स के मुकाबले हुए। पुरुष वर्ग की 200 मीटर दौड़ में पटियाला जोन के आकाशदीप सिंह ने पहला स्थान हासिल किया।
दूसरे दिन मुकाबलों का शुभारंभ एडीजीपी (आर्म्ड) कुलदीप सिंह ने किया। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। डीएसपी एवं ओलंपियन मनदीप कौर ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किया गया। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में पटियाला जोन के आकाशदीप सिंह ने पहला, पीएपी जोन को जगमीत सिंह ने दूसरा और पीएपी जोन के जतिन जैन ने तीसरा स्थान हासिल किया। 800 मीटर दौड़ में जालंधर जोन के रिंकू ने पहला, पीएपी जोन के निखिल अरोड़ा ने दूसरा तथा पीएपी जोन के जश्नदीप सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
हाईजंप में पीएपी जोन के लवप्रीत सिंह पहला, पीएपी जोन के हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा व पीएपी जोन के सेवक सिंह ने तीसरा स्थान पाया। शॉटपुट में पीएपी जोन के नवतेज सिंह ने पहला, बार्डर जोन के जसदीप सिंह ने दूसरा तथा बार्डर जोन के तजिंदर सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग की 200 मीटर दौड़ में बठिंडा की वीरपाल कौर ने पहला, जालंधर जोन की रमनदीप कौर ने दूसरा व जालंधर जोन की नैनी जोसन ने तीसरा स्थान पाया। 800 मीटर में जालंधर जोन की सीमा देवी ने पहला, बार्डर जोन की भूपिंदर कौर ने दूसरा व बार्डर जोन की करिश्मा ने तीसरा स्थान पाया।
रस्साकसी में पटियाला जोन व पीएपी जोन ने सेमिफाइनल मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। बास्केटबाल के मैच में पीएपी जोन ने बठिंडा जोन को 88-57 प्वाइंट से हराया। वहीं जालंधर जोन ने बार्डर जोन को 58-43 प्वाइंट से हराया। वालीबाल में पीएपी जोन ने जालंधर जोन को 3-0 से तथा पटियाला जोन ने बठिंडा जोन को 3-2 से हराया। इस मौके पर आईजीपी (पीएपी) अरुणपाल सिंह, आईजीपी (आप्रेशन) तेजिंदरपाल सिंह, आईजीपी अर्पित शुक्ला, अमर सिंह चाहल, एसके कालिया, बाबू लाल मीना मौजूद थे।