आईटीसी के फूड प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन
सीएम बोले-फसली विभिन्नता को मिलेगा प्रोत्साहन, खुशहाल होंगे किसान
कंपनी पंजाब वासियों को समर्पित, किया निवेश का वादा
अमर उजाला ब्यूरो
झल्लठीकरीवाल (कपूरथला)। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आईटीसी कंपनी के इंटीग्रेटेड मेन्यूफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक फैसिलिटी का शुभारंभ किया।
सीएम ने कहा कि इससे सूबे के फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आर्थिक स्थिति को संजीवनी मिलेगी। विश्व स्तर का यह प्रोजेक्ट लगभग 72.5 एकड़ में फैला हुआ है। यहां शुरुआत में लगभग 1500 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट जहां किसानों के लिए मददगार साबित होगा वहीं सूबे में रोजगार के मौके पैदा करेगा। गेहूं-धान की पैदावार में राष्ट्रीय स्तर पर सूबे के रिकार्ड योगदान के बावजूद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने फ़सली विभिन्नता की जरूरत पर जोर दिया। इसके लिए आईटीसी बहुत महत्वपूर्ण रोल अदा कर सकती है। ऐसे प्रोजेक्ट न सिर्फ सूबे की उपजाऊ जमीन और जल संसाधनों को बचाने में सहायक होंगे बल्कि कृषि आमदन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने आलू उत्पादक किसानों की बदतर स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि दोआबा आलू बाहुल्य बेल्ट हैं। यहां के किसानों को अपनी फ़सल की सही कीमत न मिलने के कारण आलू सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने ऐसे प्रोजेक्टों से इस संकट पर काबू पाने की जरूरत पर जोर दिया। आईटीसी प्रोजेक्ट नए बीज और तकनीकें लाएगा जिससे किसानों को मंडी की मांग के मुताबिक आलू की पैदावार करने लायक बनाया जाएगा। इस प्लांट के लिए कपूरथला व आसपास से ही गेहूं, आलू और अन्य फसलें खरीदी जाएंगी।
आईटीसी के सीईओ संजीव पुरी ने बताया कि कंपनी को जल्दी प्रवानगी मिलने से यह प्लांट रिकार्ड समय से पहले मुकम्मल हो सका है। यह पूरी तरह से कृषि, मैन्यूफ़ेक्चरिंग और सर्विस के क्षेत्र पर आधारित है। कंपनी नई औद्योगिक नीति की लाभदायक व्यवस्थाएं के मुताबिक पंजाब में कारोबार का विस्तार करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्लांट में मंडी की भी स्थापना की जा रही है जहां फ़सल की अदायगी मौके पर ही होगी। दूध और अन्य उत्पादों के स्रोतों का विस्तार होगा। कंपनी सूबे में टूरिज्म सेक्टर में भी योगदान डाल रही है। वेलकम हेरिटेज ब्रांड हाल ही में अमृतसर में खोला गया है। दो और प्रमुख वेलकम होटल और फारचून ब्रांड भी जल्द खुल रहे हैं। बिजली मंत्री ने कहा कि आईटीसी में मंडी की सुविधा से अनाज की मशीनों से सफ़ाई यकीनी बनाई जा सकेगी और यह अनाज सायलोज में स्टोर किया होगा। आईटीसी के पांच प्लांटों में से यह तीसरा यूनिट है, जो इस कांप्लेक्स में स्थापित किया गया है। मौके पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल, विधायक नवतेज सिंह चीमा, विधायक रमनजीत सिंह सिक्की, विधायक अमरपाल सिंह भुल्लर, पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस प्रधान जोगिंदर सिंह मान, पूर्व विधायक राजबंस कौर राणा, मुख्य सचिव करण अवतार सिंह, सचिव उद्योग राकेश वर्मा मौजूद थे।