भाजपा जिला प्रधान समेत कई नेताओं पर केस दर्ज
सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
वार्ड-78 में कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच मंगलवार रात झगड़े के बाद थाना बस्ती बावा खेल घेरने वाले भाजपा जिला प्रधान समेत कई नेताओं पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अभी किसी भाजपा नेता को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मंगलवार रात वार्ड-78 के कांग्रेस उम्मीदवार जगदीश समराय और भाजपा कैंडिडेट रवि महेंद्रू के समर्थकों के बीच झगड़ा हो गया था। पुलिस महेंद्रू के चचेरे भाई की गाड़ी जब्त कर थाने ले गई थी। इसके बाद बीजेपी नेता थाने पहुंच गए। उन्होंने रिंकू और पुलिस के खिलाफ धरना दिया था। इसमें भाजपा जिला प्रधान रमेश शर्मा, अमित तनेजा, शीतल अंगुराल, 78 से उम्मीदवार रवि महेंद्रू, प्रदीप खुल्लर, पूर्व मंत्री के बेटे महेंदर भगत शामिल थे। पु्िलस ने इन तमाम नेताओं पर केस दर्ज कर लिया है। इसकी जानकारी चुनाव आयोग को भेज दी गई है। वहीं भाजपा नेताओं ने वीरवार को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रदेश प्रभारी प्रभात झा व केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला को दे दी है।