राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सांसद संतोख चौधरी के निधन से खाली हुई जालंधर लोकसभा सीट पर उपचुनाव का एलान हो गया है। जालंधर लोकसभा सीट पर 10 मई को वोट डाले जाएंगे, जबकि परिणाम 13 मई को घोषित होगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे संसदीय क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो गई है।
अगले वर्ष लोकसभा चुनाव से पहले जालंधर उपचुनाव को पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए लिट्मस टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है। संगरूर उपचुनाव के बाद मान सरकार के लिए यह दूसरा सियासी इम्तिहान होगा। भाजपा, कांग्रेस एवं शिअद के लिए भी इसे प्रतिष्ठा की जंग के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी का भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 14 जनवरी 2023 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार जालंधर लोकसभा उपचुनाव की अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी होगी। 20 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 21 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 24 अप्रैल तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। बुधवार 10 मई को मतदान होगा और मतगणना शनिवार 13 मई को होगी।
आयोग के अनुसार, जालंधर उपचुनाव के लिए मतदान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के जरिये होगा। मतदाता अपने पहचान-पत्र के रूप में वोटर कार्ड, आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक/डाकखाने की फोटोयुक्त पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड समेत 12 तरह के आईडी कार्ड दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
16 .26 लाख मतदाता चुनेंगे अपना सांसद
लोकसभा सीट के लिए जिले की 9 विधानसभाओं के 16 लाख 26 हजार 337 मतदाता अपना प्रतिनिध चुनेंगे। संसदीय क्षेत्र में 8 लाख 43 हजार 299 पुरुष मतदाता, 7 लाख 75 हजार 173 महिलाएं और 40 ट्रांसजेंडर वोटर हैं। 23 हजार 649 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।