पंजाब में हिमाचल का युवक नशा तस्करी मामले में गिरफ्तार हुआ है। कपूरथला में हाईटेक नाके पर जांच करने पर बोलेरो सवार युवक और उसकी साथी से हेरोइन बरामद हुई है।
कपूरथला के ढिलवां पुलिस ने हाईटेक नाके दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नाके पर वाहनों की चेकिंग के दौरान बोलेरो में सवार दो युवको को शक के आधार पर रोका गया। जांच के दौरान आरोपियों से 100 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने तुरंत दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
आरोपियों में एक हिमाचल प्रदेश के मंडी का युवक शामिल है। आरोपियों की पहचान भागीरथ सिंह उर्फ रवि निवासी गांव बरमु, मंडी, हिमाचल प्रदेश और रोबनदीप सिंह निवासी गांव कोलेवाल अमृतसर के रूप में हुई है। थाना ढिलवां के एसएचओ रमनदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
एएसआई कुलदीप सिंह पुलिस टीम सहित आपराधिक तत्वों की तलाश में हाईटेक नाके पर मौजूद थे। हाइवे पुलिस के साथ नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अमृतसर की तरफ से आ रही एक बोलेरो गाड़ी (एचपी-33डी-9533) को शक के आधार पर रोका गया। इसमें दो युवक सवार थे। गाड़ी में बैठे एक युवक नीचे उतरा और जेब से एक लिफाफा निकाल कर सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर फेंके गए लिफाफे की जांच की तो उसमें से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।