टूटी कुर्सी दिखाते कमेटी सदस्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अनाज मंडी में रामलीला मंचन के दौरान गुरुवार को 100 से ज्यादा गुंडों ने कलाकारों एवं दर्शकों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में श्री राम कला केंद्र के सदस्य महिंदर कुमार की उंगली कट गई। कई दर्शकों को भी मामूली चोटें आईं। थाना कोतवाली पुलिस ने श्री राम कला केंद्र कमेटी के अध्यक्ष सतीश कुमार बब्बू के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: पंजाब: अमरिंदर सिंह बोले- सिद्धू सही इंसान नहीं, वो जहां से भी लड़ेंगे, जीतने नहीं दूंगा
पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। दाना मंडी में श्री रामलीला का भव्य मंचन किया जा रहा है। गुरुवार को रामलीला के दूसरे दिन ताड़का वध का मंचन किया जा रहा था। जिसके चलते लोगों की काफी भीड़ थी। जब ताड़का वध का दृश्य आने वाला था, तभी 100 से ज्यादा युवक हाथों में तेजधार हथियार लेकर रामलीला में दाखिल हो गए।
उन्होंने आते ही लाठियों से हमला कर दिया। डर से सहमे लोग इधर-उधर भागने लगे और समागम स्थल पर भगदड़ मच गई। इसके बाद लाठियों व तलवारों से कुर्सियों को तोड़ने व लोगों को डराने का तांडव करीब 35 मिनट तक चलता रहा। इस दौरान प्रबंधक कमेटी ने मामले की जानकारी संबंधित थाना पुलिस के पास भी दी लेकिन, मौके पर कोई भी पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा।
रामलीला मंचन के दौरान पुलिस सुरक्षा का भी कोई इंतजाम नहीं था। भगदड़ में महिलाएं और बच्चे भी चोटिल हुए हैं। हंगामे के दौरान प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने हुडदंग मचाने वालों को रोकने की कोशिश की तो उन पर भी तलवारों से हमला कर दिया। इसमें कमेटी के सदस्य महिंदर कुमार घायल हो गए व उनके हाथ की एक ऊंगली भी कट गई।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस की जड़ें हिलाने की तैयारी: अमरिंदर सिंह बनाएंगे अलग खेमा, ये सभी दिग्गज नेता बन सकते हैं सारथी
घटना के बारे में प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सतीश कुमार बब्बू व अन्य सदस्यों ने शुक्रवार को एसएसपी अजय मलूजा को लिखित शिकायत दी। थाना कोतवाली के एसएचओ नरिंदर कुमार का कहना है कि पुलिस ने कमेटी के अध्यक्ष सतीश कुमार बब्बू के बयान के पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।