कटोरा गांव के निवासी युवक बलजिंदर सिंह को ट्रेवल एजेंट ने अमेरिका भेजने का वादा कर मलेशिया भेज दिया। इसके लिए एजेंट ने युवक से 17 लाख रुपये बतौर फीस ली।
यह शिकायत थाना जीरा पुलिस को पीड़ित युवक के पिता कश्मीर सिंह ने दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस को दी शिकायत में कश्मीर सिंह ने बताया कि उसके बेटे बलजिंदर सिंह को अमेरिका भेजने के लिए ट्रेवल एजेंट गुरमीत सिंह, रूपिंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, बूटा सिंह निवासी बखताला कुरुक्षेत्र (हरियाणा), कुलदीप सिंह और गेजो निवासी पाका जिला फाजिल्का ने 17 लाख रुपये लिए थे। लेकिन उसके बेटे को अमेरिका भेजने की बजाए मलेशिया भेज दिया।
बलजिंदर तीन महीने तक मलेशिया में रहा। इसके बाद उसे भारत वापिस भेज दिया गया। आरोपियों ने उसे पैसे वापिस देने का वादा किया था, लेकिन उसे पैसे वापस नहीं किए।
इस संबंध में शिकायतकर्ता ने एसएसपी को शिकायत दी। पुलिस ने सभी आरोपियों की तलाशी शुरू कर दी है।