गांव नारंग सिंह वाला (लुहका खुर्द) में छापामारी करने गई पुलिस पार्टी पर हथियारों से लैस रेत खनन माफियों ने हमला बोल दिया। किसी तरह पुलिस मुलाजिम वहां से बच कर निकले। इस घटना में हेड कांस्टेबल जख्मी हो गया। जब तक दूसरी पुलिस पार्टी घटनास्थल पर पहुंची आरोपी अपना साजोसामान लेकर वहां से फरार हो गए।
उधर, थाना मल्लांवाला पुलिस ने एएसआई कुलदीप सिंह के बयान पर छह लोगों को नामजद कर एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक एएसआई कुलदीप सिंह पुलिस पार्टी समेत मल्लांवाला-जीरा रोड स्थित गांव नारंग सिंह वाला के पास नाकाबंदी किए हुए थे।
उन्हें सूचना मिली कि राम सिंह पुत्र बलदेव सिंह वासी लुहका खुर्द ने अपनी जमीन पर रेत का खड्डा बना रखा है और जेसीबी मशीन के जरिये रेत से ट्रालियां भर रहे हैं। पुलिस ने वहां मंगलवार रात पौने ग्यारह बजे छापामारी की तो देखा वहां पर बहुत से लोग थे। पुलिस ने थाना जीरा डीएसपी से तालमेल किया और डीएसपी ने जीरा थाना से एएसआई बिक्रम सिंह को पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर भेजा।
रेत माफियों ने जीरा पुलिस पहुंचने से पहले ही एएसआई कुलदीप सिंह और उनके मुलाजिमों पर तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया। आरोपियों के हाथ हेड कांस्टेबल कंवलजीत सिंह आ गया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और उसकी वर्दी फाड़ दी। जब तक जीरा की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तब तक सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
उधर, थाना मल्लांवाला पुलिस ने एएसआई कुलदीप सिंह के बयान पर नछत्तर सिंह, कुलदीप सिंह, हीरा सिंह, कर्म सिंह, गीतू व प्रगट सिंह को नामजद कर एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस प्रकार पुलिस पर रेत खनन माफियों का पांचवां हमला है।