कोटकपूरा रोड पर बीती रात किसी चार पहिया वाहन में आए लुटेरे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम को उखाड़ कर ले गए। चेन्नई में बाढ़ की वजह से नेटवर्क ठप होने की वजह से इस मशीन में नगदी का सही आकलन नहीं हो पाया है। इस मामले में थाना जैतो पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कुछ माह पहले ही कोटकपूरा रोड पर स्थापित एटीएम में शनिवार सुबह जब एक ग्राहक पैसे निकलवाने पहुंचा तो उसे वहां से मशीन ही गायब मिली। सूचना मिलते ही डीएसपी जैतो जगदीश विश्नोई समेत बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में सामने आया है कि किसी चार पहिया वाहन में सवार होकर आए आरोपियों ने सबसे पहले एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर काले रंग का स्प्रे कर दिया और उसके पास मशीन को उखाड़ कर गाड़ी में लादकर फरार हो गए। यह भी सामने आया है कि इस एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्ड शुक्रवार को छुट्टी पर था और उसकी जगह कंपनी ने किसी की ड्यूटी ही नहीं लगाई।
दिन भर की मशक्कत के बावजूद देर शाम तक बैंक के अधिकारी यह जानकारी मुहैया करवाने में विफल रहे कि घटना के समय इस मशीन में कितनी नगदी भरी हुई थी। बैंक प्रबंधक संजीव भाटिया ने कहा कि एटीएम के रख रखाव और नगदी भरने का काम बैंक ने निजी कंपनियों को सौंपा है। इस वजह से मशीन में बारे में उनके पास कोई जानकारी नहीं है।
मशीन का रखरखाव करने वाली निजी कंपनी एसआईएस के मैनेजर नितिन के अनुसार इन मशीनों का नेटवर्क चेन्नई से जुड़ा हुआ है और वहां पर बाढ़ की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा। वहां पर संपर्क होने के उपरांत ही नगदी की सही जानकारी दी जा सकती है।
डीएसपी जैतो जगदीश बिश्नोई ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट समेत अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से विभिन्न पहलुओं के आधार पर पड़ताल कर रही है और जल्द ही केस को सुलझा लिया जाएगा।