विजिलेंस ब्यूरो ने लंबित बिल पास करवाने के नाम पर ठेकेदार से 35 हजार
रुपये की रिश्वत लेते हुए पंजाब हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन के एसडीओ समेत दो
लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी एसडीओ सतपाल सिंह के साथ गिरफ्तार
दूसरा आरोपी एक अन्य ठेकेदार का मुंशी पवन कुमार है। विजिलेंस ब्यूरो ने
दोनों के खिलाफ विजिलेंस थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत
केस दर्ज कर लिया है और उन्हें वीरवार को फरीदकोट की अदालत में पेश किया
जाएगा।
जानकारी के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो फरीदकोट के पास सरकारी
बिल्डिंग्ज बनाने का ठेके लेने वाले ठेकेदार रूपिंदर सिंह ने शिकायत सौंपी
थी। रूपिंदर सिंह के अनुसार इन दिनों वह पंजाब हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन की
एक बिल्डिंग का निर्माण करवा रहा है और उसका आधे से अधिक निर्माण कार्य हो
चुका है। शर्तों के अनुसार उसे मुकम्मल हो चुके कार्यों के बिलों का भुगतान
मिलना था और उसे पास करने की जिम्मेवारी विभाग के एसडीओ सतपाल सिंह के पास
है।
शिकायत के अनुसार एसडीओ बिल पास करने के लिए रिश्वत की मांग कर
रहा है। शिकायत के आधार पर डीएसपी विजिलेंस हरजिंदर सिंह धालीवाल की
अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। बुधवार को ठेकेदार रूपिंदर सिंह ने
विभाग के कार्यालय में एसडीओ सतपाल सिंह को रिश्वत के 35 हजार रुपये सौंपे
और एसडीओ ने यह रूपये अपने पास बैठे पवन कुमार नामक व्यक्ति को पकड़ा दिए।
रूपिंदर सिंह से इशारा मिलते ही विजीलेंस टीम ने एसडीओ सतपाल सिंह व पवन
कुमार को गिरफ्तार कर लिया और पानी से धुलवाने पर दोनों के हाथ लाल हो गए।