सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भारतीय सीमा में घुसपैठ करते हुए पच्चीस वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक को काबू किया है। यह घटना ममदोट सेक्टर की बीओपी डीटी मल के पास मंगलवार को घटी।
इसी तरह बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर के बैरियर के पास एक संदिग्ध भारतीय व्यक्ति को काबू किया है। उधर, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों व खुफिया एजेंसियों ने गहन पूछताछ के बाद पाकिस्तानी नागरिक को ममदोट थाना व इंडियन नागरिक को थाना सदर के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस का कहना है कि इसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए अमृतसर स्थित इंटेरोगेशन सेंटर भेजा जाएगा। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे पाकिस्तानी नागरिक अरशद अली (25) ने बीएसएफ की पोस्ट डीटी मल के पास से भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास किया।
वहां गश्त कर रहे बीएसएफ जवानों ने उसे दबोच लिया। जब अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की तो वो गूंगे होने की एक्टिंग करने लगा। उसने लिख कर अपना नाम बताया।
इसके अलावा बीएसएफ ने हुसैनीवाला बार्डर के पास एक इंडियन व्यक्ति को संदिग्ध हालात में काबू किया। उसे थाना सदर के हवाले किया है।