विद्या बाई व प्रिंस की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के जलालाबाद के दो लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। तीन लोग जख्मी है। जलालाबाद के दो परिवार सालासर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। हनुमानगढ़ के गांव रणजीतपुरा के पास अचानक कार पलटने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर जख्मी हो गए हैं। घायलों को वहां के अस्पताल में भर्ती करवाया है।
यह हादसा रविवार देर शाम हुआ। सोमवार दोपहर दोनों के शव जलालाबाद लाए गए। जानकारी के मुताबिक मलकीत सिंह पुत्र लखवीर सिंह निवासी लखेवाली अपनी मां विद्या बाई (50), पत्नी परमजीत कौर (35), बेटी वंशिका (4) और प्रिंस (18) पुत्र प्रदीप निवासी दशमेश नगरी (जलालाबाद) के साथ कार से सालासर धाम गए थे। वहां से दर्शन कर रविवार शाम परिवार जलालाबाद लौट रहा था। तभी हनुमानगढ़ के गांव रणजीतपुरा के पुल के पास कार अनियंत्रित हो गई और पलट गई।
कार की रफ्तार तेज होने के कारण तीन पलटी खाते हुए सड़क किनारे गिर गई। इस हादसे में विद्या बाई और प्रिंस की मौत हो गई जबकि मलकीत सिंह, परमजीत कौर व वंशिका गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मियों को वहां के अस्पताल में दाखिल करवाया है। उधर, पारिवारिक सदस्यों के अनुसार मलकीत सिह ने अपने परिवार के साथ सालासर जाना था और वह अपने साले के बेटे प्रिंस को भी साथ ले गया। इस घटना से दो परिवारों की खुशियां गम में बदल गईं।