पंजाब के बठिंडा में सीआईए स्टाफ वन की पुलिस ने डबवाली से गन प्वाइंट पर गाड़ी छीनने वाले तीन आरोपियों को काबू किया है। इनकी पहचान मनप्रीत सिंह काली निवासी संगत, सुरिंदर सिंह, अर्शदीप सिंह निवासी घुददा जिला बठिंडा के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक 32 बोर और 315 बोर के हथियार समेत मोटरसाइकिल बरामद की है।
आरोपी मनप्रीत सिंह काली, गैंगस्टर गोबिंदा का साथी है और गोबिंदा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मुख्य विरोधी है। गोबिंदा ने राजस्थान में लॉरेंस गुट के दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया था। हाल ही में आरोपी गैंगस्टर गोबिंदा जेल से बाहर आया हुआ है।
डीएसपी डी दविंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ वन की पुलिस टीम ने पुराना थाना के पास चेकिंग के दौरान जब मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रोक कर उनकी तलाशी ली तो उनसे एक 32 बोर एवं 315 बोर के अवैध हथियार बरामद किए गए। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों अर्शदीप सिंह, मनप्रीत सिंह काली और सुरिंदर सिंह को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में तीन आरोपियों ने माना कि बीते दिनों डबवाली से उन्होंने गन प्वाइंट पर एक कार को छीना था, लेकिन जब वह रास्ते में पंचर हो गई तो वे गाड़ी को सड़क पर छोड़ फरार हो गए थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना कि पिछले माह आईटीआई चौक पर युवक से लूट की थी और थाना नंदगढ़ एरिया में 60 हजार रुपये एक व्यक्ति से लूट लिए थे।
डीएसपी डी ने बताया कि आरोपी मनप्रीत सिंह काली जोकि 307 के एक मामले में भगोड़ा चला आ रहा था। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के पकडे़ जाने से चार वारदातें ट्रेस हो चुकी हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस उक्त आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी।
लॉरेंस गैंग के निशाने पर मनप्रीत काली एवं उसका साथी गैंगस्टर गोबिंदा
सूत्रों ने बताया कि आरोपी मनप्रीत सिंह काली जोकि गैंगस्टर गोबिंदा का साथी है। गैंगस्टर गोबिंदा ने पिछले समय के दौरान राजस्थान में लॉरेंस गैंग के दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इसके बाद से गैंगस्टर गोबिंदा विरोधी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर चल रहा। सूत्रों ने बताया कि लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने पिछले समय के दौरान आरोपी मनप्रीत काली और गोबिंदा की रेकी भी की थी, लेकिन वह गुर्गे उक्त आरोपियों पर हमला करने में नाकाम रहे थे।