पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ क्षेत्र में प्रेम नगर इलाके में शनिवार की शाम दीप स्टील इंडस्ट्रीज के गोदाम में पिस्तौल दिखाकर 25 लाख रुपये लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लूट का मास्टरमाइंड उक्त फर्म में काम करने वाला अकाउंटेंट विशाल मड़कन निकला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 लाख रुपये नकदी, एक 32 बोर पिस्तौल, कारतूस व दो कारें बरामद कीं हैं।
इनमें से जसवंत सिंह नाम के आरोपी ने पुलिस पर गोली भी चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसकी टांग में गोली मार दी जिससे वह वहीं गिर गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल बस्सी पठाना ले जाया गया, जहां से उसे राजिंदरा अस्पताल पटियाला रेफर कर दिया गया। कार्रवाई में एक पुलिस मुलाजिम भी जख्मी हुआ है।
एसएसपी डॉ. रवजोत गरेवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान मुख्य तौर पर विशाल मड़कन निवासी मोहल्ला गिलझियां बसी पठानां, जसवंत सिंह उर्फ जस्सा निवासी सर्राफा बाजार बस्सी पठाना, तुषार निवासी वार्ड नंबर 12 बसी पठाना तथा गौरव धीमान बसी पठाना पुराना बस स्टैंड के तौर पर हुई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
जबकि पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी जसवंत सिंह के खिलाफ बस्सी पठाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस को जसवंत सिंह के पास से देसी कट्टा 315 बोर पिस्तौल, जिसके चैम्बर में फंसा हुआ एक खोल और एक बोलेरो गाड़ी में पड़े बैग से करीब 6 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
बाकी आरोपियों से कुल 19 लाख रुपये बरामद किए हैं। एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों का रिमांड हासिल किया जा रहा है। दीप स्टील इंडस्ट्रीज के मालिक कमल बांसल व धर्मदीप बांसल ने बताया कि शनिवार को उनकी माता की अंतिम अरदास राम मंदिर में चल रही थी तो पीछे से हमारे डेढ़ साल पहले काम पर आए अकाउंटेंट विशाल मड़कन ने सारी घटना को अंजाम दिया है। दफ्तर से करीब 30 लाख रुपये इन लोगों ने लूटे हैं।
पुलिस ने विभिन्न टीमें बनाकर की कार्रवाई
एसएसपी डॉ. रवजोत गरेवाल ने बताया कि घटना को हल करने में एसपी राकेश यादव,डीएसपी बस्सी पठाना मोहित सिंगला ने घटना के तुरंत बाद जिला फतेहगढ़ साहिब को सील कर दिया और आरोपियों को बस्सी पठाना में गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके अलावा रात करीब 12:30 तक चले ऑपरेशन में डीएसपी अमलोह हरपिंदर कौर, एसएचओ आकाश दत्त मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस स्टेशन, अमरवीर सिंह इंचार्ज सीआईए स्टाफ सरहिंद और पुलिस स्टेशन नरपिंदर पाल सिंह, मुख्य अधिकारी पुलिस स्टेशन खमाणों, इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह मुख्य अधिकारी पुलिस स्टेशन मुलेपुर आदि टीमें का साझा ऑपरेशन रहा।