पंजाब के कपूरथला के ढिलवां क्षेत्र में अड्डा मियाणी बाकरपुर में मध्य रात्रि चोरों ने 11 दुकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़ हजारों रुपये की नकदी एवं कीमती सामान चोरी करने की खबर है। चोरों की यह घटना सीसीटीवीमें भी कैद हो गई है। हालांकि अभी तक किसी भी पीड़ित ने पुलिस को शिकायत नहीं की है।
बताया जा रहा है कि बस स्टैंड के नजदीक स्थित पीर मोहम्मद शाह दरबार के ताले तोड़ गए हैं, लेकिन दरगाह से कुछ हासिल न होने पर वह बैरंग लौटे। वहीं कई दुकानों से चोरों ने हजारों रुपये की नकदी एवं कीमती सामान पर हाथ साफ किया है।
ढिलवां के अड्डा मियाणी बाकरपुर में अड्डा सुधार सभा के प्रधान बलदेव सिंह ने चोरी की वारदातों पर चिंता प्रकट करते हुए बताया कि सीसीटीवी कैमरे में सिर्फ दो व्यक्ति मुंह बांधकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते दिख रहे हैं। चोरों को जो मिलता गया, वह उठाकर फरार हो गए।
चोरों द्वारा दूध की डेयरी दुकान के ताले तोड़कर वहां से एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल पीबी-02-6937 व नगदी चोरी की, स्वीट शाप, बत्तरा स्वीट शाप, बलबीर फ्रूट शॉप, गोराया ब्रदर्स इलेक्ट्रिकल शॉप, विनोद करियाना स्टोर, शर्मा स्वीट शॉप, अरोड़ा करियाना स्टोर, महिंदर सिंह स्लेच शटरिंग सेंटर आरे वाले, भोला टिब्बर स्टोर व अन्य दुकानों के भी ताले तोड़ गए।
मौके पर मौजूद दुकानदारों ने बताया कि अड्डे पर दुकानों की सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार तैनात नहीं है। जिसके चलते चोर ऐसी वारदातों को सरेआम अंजाम दे रहे हैं। वहीं चोरों द्वारा एक दरगाह को भी अपना निशाना बनाया गया। वहां चोरों द्वारा गल्ले के ताले तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन ताले न टूटने के चलते चोर बैरंग लौट गए।