हत्या के बाद भड़के लोगों को समझाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पंजाब में रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद माझा में हत्या की दो वारदात से हड़कंप मच गया। अमृतसर में जहां थाने से कुछ दूरी पर दो युवकों को मार दिया गया वहीं डेरा बाबा नानक के गांव भोजराज में रविदास मंदिर के पुजारी की रॉड मारकर हत्या कर दी गई।
अमृतसर शहर में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। इसके बावजूद रविवार सुबह कुछ अज्ञात हमलावरों ने शहर के बीचों-बीच चित्रा टाकीज चौक के पास दो युवकों पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद युवकों की बाइक लेकर फरार हो गए। जख्मी युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
सुबह करीब सवा चार बजे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक बाजार काठियां वाला का रिषभ तथा बंबे वाला खूह का रहने वाला जगदीश नैय्यर मांगू और दीक्षित रविवार सुबह करीब सवा चार बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की तरफ लौट रहे थे। इस दौरान चित्रा टाकीज के पास तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनसे बहस करने लगे। हमलावरों ने पहले रिषभ पर तेजधार से हमला किया और इसके बाद आरोपियों ने उसके दोस्त जगदीश नैयर पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
हमले के शिकार रिषभ के दोस्त बंबे वाला खूह के रहने वाले दीक्षित ने बताया कि वे तीनों मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। रिषभ चित्रा टाकीज के पास बाथरूम करने के लिए रुका। इस दौरान वहां से निकल रहे 3 अज्ञात युवकों ने रिषभ के साथ मारपीट करते हुए तेजधार हथियार से हमला किया। रिषभ को बचाने आगे बढ़े जगदीश पर भी हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। दोनों पर हमला करने के बाद आरोपी उनकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। इसके बाद उसने अपने अन्य दोस्तों को बुला कर दोनों जख्मियों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामबाग थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आस-पास के इलाके से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और घटना में मारे गए दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को दे दिए हैं।