पंजाब के फिरोजपुर के एक गांव में घर से देर रात महिला को उठाकर खेतों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। यही नहीं विरोध करने पर पीड़िता से मारपीट भी की गई है। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर पीड़िता एडिशनल चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) सुरेश कुमार गोयल की अदालत में पेश हुई।
जज ने सिविल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को पीड़िता का मेडिकल कराने का आदेश दिया और पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही है। उधर, थाना सदर पुलिस ने बुधवार को एसीजेएम के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता (36) ने पुलिस को शिकायत दी है कि 14 अक्तूबर की रात को पति संग घर में सो रही थी। रात लगभग डेढ़ बजे शौचालय जाने के लिए उठी। तीन आरोपी दीवार फांद कर घर में घुसे और उसका मुंह बंद कर उठाकर पास के खेतों में ले गए। जहां पर आरोपी प्रेम सिंह, मंगल सिंह व रिंकू ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर आरोपी जसपाल सिंह ने उसके साथ मारपीट की। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंची और आपबीती परिजनों को सुनाई। पीड़ित परिवार की पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता एसीजेएम सुरेश कुमार गोयल की अदालत में पेश हुई। जज ने पीड़िता की शिकायत पर फिरोजपुर सिविल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को पीड़िता का मेडिकल कराने और पुलिस को उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया।
मामले की तफ्तीश कर रहीं सब इंस्पेक्टर अमनदीप कौर के मुताबिक पीड़िता के बयान पर आरोपी प्रेम सिंह, मंगल सिंह, रिंकू व जसपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापे मारे जा रहे हैं।