दुनिया चांद के बाद मंगल फतह की तैयारी में है। बावजूद इन सबके वास्तविक स्थिति आज भी ढ़ाक के तीन पात है। क्योंकि आज भी दहेज प्रथा कायम है। कई बेटियां दहेज की बलि भी चढ़ रही हैं। ऐसा ही एक मामला पंजाब के फिरोजपुर में भी सामने आया है। जहां एक बेटी को इसलिए जहर दे दिया गया क्योंकि शादी के दौरान उसके मायके वालों ने दहेज में ससुरालियों का कार नहीं दी।
फिरोजपुर के गांव खाईफेमीकी में कार की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने बहू को जहर खिला दिया। पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता सिमरजीत कौर को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उधर, थाना सदर पुलिस ने सोमवार पीड़िता की मां के बयान पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
एक साल पहले हुई थी सिमरजीत की शादी
बलविंदर कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी बेटी सिमरजीत कौर की शादी रोहित सिंह वासी खाईफेमीकी के साथ एक साल पहले हुई थी। कुछ समय बाद बेटी को परेशान करने लगे। ससुरालियों ने मायके वालों से कार की मांग की जो पूरी नहीं हुई। इसके बाद तो बेटी को बहुत तंग करने लगे। यही नहीं आरोपियों ने उसकी बेटी को जहर खिला दिया। इससे बेटी की तबीयत बिगड़ गई। उसे लुधियाना के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उसकी तबीयत नाजुक बनी हुई है। थाना सदर पुलिस ने आरोपी पति रोहित सिंह, ससुर हरनेक सिंह व सास कुलविंदर कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।