नहीं रुक रहे पाकिस्तान के ड्रोन, फिरोजपुर बनता जा रहा है केंद्र बिंदु
केंद्र सरकार ने पाकिस्तान सीमा से सटे 50 किलोमीटर इलाके को सीमा सुरक्षा बल के हवाले कर दिया है, लेकिन पाक से आने वाले ड्रोन पंजाब की धरती पर अब भी हथियार व नशा फेंक रहे हैं। खासकर पाकिस्तान से सटी 553 किलोमीटर की सीमा में फिरोजपुर सेक्टर अति संवेदनशील है। इस इलाके में पाक से बार-बार ड्रोन आकर नशा व हथियार फेंक रहे हैं। लिहाजा, केंद्रीय एजेंसियां भी इस पर होमवर्क करने लगी हैं। 18 दिसंबर 2021 को पाकिस्तान की तरफ से भेजा गया ड्रोन फिरोजपुर में हथियार व नशा फेंककर जा रहा था कि सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उसको गिरा दिया।
पाक के आतंकी इस कदर शातिर थे कि उन्होंने ड्रोन की लाइट न दिखे, इसके लिए उस पर टेप चिपकाया हुआ था। 7 मार्च 2022 को भी सीमा सुरक्षा बल ने एक ड्रोन को फिरोजपुर में गिराया था। ड्रोन से हरे रंग का एक छोटा बैग लगा था। इसमें पीले रैपिंग में चार पैकेट और काले रंग के रैपिंग में एक छोटा पैकेट था, जिसमें लगभग 4.17 किलो वजन (पैकिंग सामग्री के साथ) और लगभग 250 ग्राम काले रैपर में पैक था। जिसमें नशा व विस्फोटक सामग्री थी। पिछले साल इंडियन सिख यूथ फेडरेशन के चीफ लखबीर सिंह रोडे ने भी टिफिन बम व हथियार ड्रोन के जरिये पंजाब में भेजे थे और उसके लिए भी फिरोजपुर सेक्टर का इस्तेमाल किया गया था। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की तरफ से चीन निर्मित ड्रोन के जरिये हथियार व विस्फोटक सामग्री को भेजा जाता है। करनाल में वीरवार को गिरफ्तार आतंकवादियों को भी ड्रोन के जरिये हथियार फिरोजपुर सेक्टर में ही भेजे गए थे।