होशियारपुर के टांडा रोड पर अड्डा सीकरी के करीब गांव बूरे राजपूतां के खेतों में गांव खडियाला सैनियां निवासी एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार महिला के सिर में 8 गोलियां मारकर उसकी हत्या की गई है। बताया जाता है कि मृतका मनप्रीत कौर दो बच्चों की मां थी और उसका पति राशपाल कुवैत में रहता है, जिसके साथ उसका तलाक का केस चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक करीब 2 माह पहले मनप्रीत ने एसएसपी को एक शिकायती पत्र दिया था जिसमें उसने एक हेड कांस्टेबल पर शादी का झांसा देकर 3 साल से शारीरिक शोषण करने का आरोप भी लगाया था जिसकी जांच अभी चल रही है।
घटनास्थल पर मौजूद डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों ने महिला के सिर में 8 गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि महिला का तलाक का केस चल रहा था और किसी के साथ लिव-इन-रिलेशन में रह रही थी और उसके साथ भी इसकी अनबन चल रही थी। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और इसके बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
एसपी आरपीएस संधू ने बताया कि मौका-ए-वारदात से पुलिस को .32 बोर के 4 खोल भी मिले हैं जबकि मृतका के सिर में गोलियों के 8 घाव हैं। उन्होंने बताया कि मनप्रीत कौर की ओर से पुलिसकर्मी के विरुद्ध की गई शिकायत की जांच भी जारी है। उन्होंने कहा कि उसे बिल्कुल करीब से गोली मारी गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।