कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पंजाब में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। मंगलवार को वे राजपुरा पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं झूठे वादे करने नहीं आया हूं। अगर जनता झूठे वादे सुनना चाहती है, तो मोदी जी, बादल जी और केजरीवाल जी को सुनें। मुझे केवल सच बोलना सिखाया गया है।
राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि गुजरात मॉडल व दिल्ली मॉडल की एक ही शक्ति है दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। मोदी की शक्ति के पीछे अरबपति मित्र है जिन्हें लाभ पहुंचाने के लिए वह कभी नोट बंदी, कभी पेट्रोलियम पदार्थो में वृद्धि तो कभी किसानों के काले कानून बनाकर लच्छेदार भाषण देकर लोगों को गुमराह करते रहे हैं। जबकि केजरीवाल जो भाजपा के लिए उनकी शक्ति के तौर पर काम करते हैं, वह पंजाब में सरकार बनाने और दिल्ली मॉडल लागू करने की बात कहते हैं जबकि दिल्ली में कोरोना काल के दौरान वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की कमी से हजारों लोग दम तोड़ चुके हैं।
मंगलवार को राहुल गांधी ने अनाज मंडी में विधायक हरदियाल सिंह कंबोज की अगुवाई में पटियाला जिले की चुनावी सभा के दौरान कहा कि पंजाब के लिए सबसे जरूरी है शांति, जिसे बरकरार रखना बेहद जरूरी है। पंजाब पहले भी काले दौर से निकल चुका है पंजाब में शांति कायम करना कांग्रेस सरकार की देन है। अगर अब थोड़ी सी भी गलती के बाद सरकार बदल जाती है तो पूरा पंजाब बर्बाद हो जाएगा। क्योंकि पंजाब को संभालना न ही अकालियों के बस की बात है और न ही आम आदमी पार्टी के।
उन्होंने कहा कि पंजाब के सभी लोगों को एक साथ खड़े होने की जरूरत है ताकि पंजाब में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बन सके। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी सभा के दौरान मोदी जी पगड़ी पहनते हैं और लच्छेदार भाषण देकर लोगों से झूठे वायदे करते हैं, पहले वह अपनी सभाओं में दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, काले धन को बाहर निकालने व सभी के खातों में 15-15 लाख रुपये डालने की बात कहते रहे हैं अब उन्होंने यह सब कहना बंद कर दिया है। वह केवल अपने अरबपति मित्रों को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं इसकी वजह यह है कि किसानों की मेहनत व जमीन 3-4 अरबपतियों को देने की कोशिश कर रहे थे लेकिन किसानों के साथ कांग्रेस डटकर खड़ी रही इतना ही नहीं इस दौरान 700 किसानों की शहादत भी हुई किसानों के संघर्ष के आगे सरकार को झुकना पड़ा और काले कानून वापस लेने पड़े। जब सरकार से गलती हुई है तो शहादत पाने वाले 700 किसानों को मुआवजा क्यों नहीं दिया गया।
कोरोना के समय कही थी त्रासदी की बात
राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना काल के समय मैंने कहा था कि हिंदुस्तान को भयंकर चोट लगने जा रही है लाखों लोग मरने जा रहे हैं वेंटिलेटर और ऑक्सीजन का प्रबंध कर लो लेकिन मेरा मजाक उड़ाया गया। मोदी जी कहने लगे थाली बजाओ फिर मोबाइल से लाइट जलाओ कोरोना भाग जाएगा। दिल्ली मॉडल वाले केजरीवाल के मोहल्ला क्लीनिक धरे के धरे रह गए। दिल्ली में आप सरकार वेंटिलेटर व ऑक्सीजन का प्रबंध करने में नाकाम रही। भारी संख्या में लोग दम तोड़ रहे थे। कांग्रेस ने दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन पहुंचाकर लोगों की जिंदगियों को बचाया जबकि आप जिन मोहल्ला क्लीनिक की बात कर रही है उन्हें सबसे पहले बनवाने की शुरुआत शीला दीक्षित ने की थी।
पंजाब में गरीब परिवार के व्यक्ति को सीएम बनाना गलत है क्या
राहुल गांधी ने कहा कि जब हमें पता चला कि कैप्टन अमरिंदर व मोदी गले मिलते रहे हैं और कांग्रेस को पंजाब में धरातल पर धकेलने में लगे रहे तो हमने उन्हें हटाकर गरीब परिवार के व्यक्ति चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बना दिया। 111 दिनों में ही उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति का दिल जीत लिया और कांग्रेस ने उन्हें सरकार बनने के बाद सीएम घोषित कर दिया। सीएम बनते ही चन्नी ने बस, रेत और केबल माफिया पर लगाम कसने की बात कही। इसके लिए बसों के परमिट बनाकर युवाओं को पास, केबल का रेट 400 से कम करके 200 रुपये करने व रेत की ट्राली 1200 रुपये तक करने की बात कही गई। इतना ही नहीं 20 लाख परिवारों को जो बिजली माफी की सुविधा दी जा रही है, वह जारी रहेगी। इसके अलावा 170 सर्विस स्कीमों जिनका फायदा पंजाब के लोगों को मिलने जा रहा है उन्हें इंटरनेट पर डाला जाएगा। इस अवसर पर राजपुरा से हरदियाल सिंह कंबोज, घनौर से प्रत्याशी मदनलाल जलालपुर, समाना से राजिन्द्र सिंह, पटियाला ग्रामीण से मोहित ब्रहम महिन्द्रा, पटियाला शहरी से विष्णु शर्मा, सनौर से हरिन्द्रपाल हैरीमान, शुतराणा से दरबारा सिंह, नाभा से साधू सिंह धर्मसोत व कांग्रेसी नेता और कार्यक्रता मौजूद रहे।