कपूरथला में अमृतसर रोड पर मंगलवार को करीब 12 बजे बड़े नाले में एक प्रवासी मजदूर का दो साल का बच्चा गिर गया। बच्चे के गिरने के बाद आनन-फानन मां ने भी बच्चे को बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी, जिसे लोगों ने तुरंत नाले से निकाल लिया। अभी बच्चे की तलाश की जा रही है। बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने नगर निगम की टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी कर दिया है।
समाचार लिखे जाने तक बच्चे की तलाश की जा रही थी। मिली जानकारी के अनुसार कपूरथला के अमृतसर रोड पर बनी झुग्गियों में रहने वाले एक परिवार का दो साल का बच्चा अभिलाष अचानक नाले में गिर गया। उसकी मां मनीषा ने भी नाले में छलांग लगा दी। तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर बच्चे को सलामत निकलने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बता दें कि नाले को पार कर झुग्गियों की तरफ जाने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं है। नाले के ऊपर एक खंभे का टुकड़ा रखकर रास्ता बनाया गया है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उसी पर से गुजरते समय बच्चा गिर गया होगा।
बच्चे के नाले में गिरने की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार राजीव खोसला, निगम की ज्वांइट कमिश्नर उपिंदर कौर बराड़, पुलिस प्रशासन की तरफ से डीएसपी सब डिवीजन मनिंदरपाल सिंह, एसएचओ सिटी सुरजीत सिंह, एसएचओ सदर बिक्रम सिंह अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और नगर निगम की टीम ने नाले पर बने लेंटर को तोड़ने का कार्य शुरू किया। लगभग पांच घंटे से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद अभी तक नाले में गिरे अभिलाष का कोई पता नहीं चल पाया है।
नगर निगम कमिश्नर उपिंदर कौर बराड़ भी मौके पर पहुंच गई हैं। डीआरओ गुरजिंदर पाल बेनीपाल ने कहा कि अगर जल्द बच्चा नहीं मिला तो सेना को बुलाना पड़ सकता है। वहीं बच्चे के पिता का कोई अता-पता न लगना भी कई सवाल खड़े कर रहा है।