चंडीगढ़ में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादल छाने के बाद तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार बुधवार को चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना पहले ही जताई गई थी। बुधवार को हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था।
मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले दो दिन यानी 8 और 9 अक्तूबर को भी शहर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। 8-9 अक्तूबर को हवाओं की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
आगे भी बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 12 अक्तूबर तक चंडीगढ़ समेत पंजाब-हरियाणा में कहीं-कहीं बारिश का दौर बना रह सकता है। 9 अक्तूबर के बाद चंडीगढ़ के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है