जलालाबाद में डीएवी कॉलेज के निकट स्थित गांव कनलां वाले झुग्गे में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर में अकेली सो रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
वारदात के दौरान महिला के पैर शॉल से बांध दिए गए और चुन्नी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई। परिवार के अनुसार घर से 40 से 50 हजार रुपये की नकदी और सोने की बालियां भी गायब हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और रोष का माहौल है।
मृतका की पहचान इंद्रो बाई के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों को सुबह करीब नौ बजे घटना का पता चला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि इंद्रो बाई बिस्तर पर मृत पड़ी थीं। उनके पैर शॉल से बंधे हुए थे और गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। घर का सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का भेज दिया।
मृतका के बड़े बेटे सुरजीत सिंह ने बताया कि जब वे घर पहुंचे तो उनकी माता के पैर शॉल से बंधे हुए थे और गला दुपट्टे से घोंटा गया था। घर से करीब 40 से 50 हजार रुपये की नकदी और सोने की बालियां गायब हैं। वहीं, मृतका की छोटी बहू ने बताया कि घर का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर कागजात सहित अन्य सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने कहा कि इंद्रो बाई की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। वह गांव के सभी लोगों के साथ प्रेमपूर्वक रहती थीं।
रोजाना बाहरी लोगों की आवाजाही से ग्रामीण चिंतित
गांव के मौजूदा सरपंच मनजीत सिंह ने इस वारदात पर गहरा दुख जताते हुए गांव में बढ़ते नशे के प्रकोप को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आशंका जताई कि नशे की लत से जुड़े लोग चोरी के इरादे से घर में दाखिल हुए होंगे और लूटपाट के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी।
सरपंच ने कहा कि गांव में नशे का प्रकोप काफी बढ़ चुका है। रोजाना बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग वाहनों पर गांव में आते-जाते हैं। उनके अनुसार ऐसे लोगों की संख्या करीब एक हजार तक पहुंच जाती है। गांव में नशे की बढ़ती समस्या के कारण ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे का यह बढ़ता प्रभाव न केवल युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है, बल्कि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहा है। प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए गांव में नशे के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए, ताकि बच्चों और युवाओं का भविष्य बचाया जा सके तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का भेजा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घटना के संबंध में कोई स्पष्ट सुराग हाथ नहीं लगा है। वारदात रात के समय हुई प्रतीत होती है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।