पराली प्रबंधन के लिए संसाधन और योजनाएं बढ़ाने के बावजूद पंजाब तीन अहम मोर्चों पर तय लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया। खेतों से बाहर पराली के प्रबंधन से लेकर कस्टम हायरिंग सेंटरों की स्थापना और पेलेट-ब्रिकेट उत्पादन तक में लक्ष्य अधूरे रह गए।
खेतों से बाहर 78.07 लाख टन पराली के प्रबंधन का लक्ष्य था लेकिन 54.62 लाख टन का ही प्रबंधन हो सका। यानी 23.45 लाख टन पराली का प्रबंधन नहीं हो पाया। वहीं, कस्टम हायरिंग सेंटरों की स्थापना का लक्ष्य भी महज 60 फीसदी पूरा हुआ। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की रिपोर्ट में ये कमियां सामने आई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, पराली के एक्स-सीटू प्रबंधन यानी खेतों से बाहर इस्तेमाल के मामले में पंजाब 70 फीसदी लक्ष्य ही हासिल कर पाया। इस प्रक्रिया में फसल कटाई के बाद खेतों में बची पराली को जलाने या मिट्टी में मिलाने के बजाय एकत्रित कर खेत से बाहर ले जाया जाता है। इसका इस्तेमाल विभिन्न उद्योगों में किया जाता है और औद्योगिक बॉयलरों के लिए ईंधन भी तैयार किया जाता है। इस व्यवस्था को बढ़ावा देने के बावजूद निर्धारित लक्ष्य से काफी कम पराली का प्रबंधन हो सका।
किसानों को पराली प्रबंधन की मशीनें उपलब्ध कराने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटरों की स्थापना का लक्ष्य भी पूरा नहीं हुआ। वर्ष 2026 में पंजाब को 632 सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन अब तक केवल 378 सेंटर ही स्थापित हो सके। इस तरह 254 सेंटरों की कमी रह गई। इन केंद्रों के माध्यम से किसान महंगी कृषि मशीनें किराये पर लेकर पराली का प्रबंधन कर सकते हैं।
पेलेट-ब्रिकेट उत्पादन आधे से थोड़ा अधिक
पराली से पेलेट और ब्रिकेट बनाने में भी पंजाब पिछड़ गया। इसके लिए 22.02 लाख टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन 11.67 लाख टन ही उत्पादन हो पाया। यानी लक्ष्य का 53 फीसदी ही हासिल हुआ। पेलेट और ब्रिकेट ठोस बायोमास ईंधन हैं, जिनका इस्तेमाल थर्मल पावर प्लांटों में कोयले के विकल्प के तौर पर किया जाता है।
भंडारण व्यवस्था में भी कमी
पराली की गांठों के भंडारण के लिए निर्धारित 1,016.76 हेक्टेयर क्षेत्र के लक्ष्य के मुकाबले 860.5 हेक्टेयर में ही व्यवस्था हो सकी। इस तरह 85 फीसदी लक्ष्य हासिल हुआ और 156.26 हेक्टेयर क्षेत्र की कमी रह गई।
आयोग ने जताई चिंता
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पराली प्रबंधन के विभिन्न लक्ष्यों में कमी पर चिंता जताई है। आयोग ने राज्य को एक्शन प्लान के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले आयोग ने पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने में विफल रहने के मामले में छह जिलों के डीसी और एसएसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। अधिकारियों के जवाब मिलने के बाद आयोग आगे की कार्रवाई करेगा।