फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में ईडी का बड़ा एक्शन: सात आईएएस-आईपीएस को समन, निलंबित डीआईजी भुल्लर मामले में बढ़ा जांच का घेरा

Mon, 23 Nov 2026 08:05 AM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

रोपड़ रेंज के तत्कालीन डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई ने 16 अक्तूबर 2025 को एक कबाड़ कारोबारी की शिकायत पर गिरफ्तार किया था। कारोबारी ने आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ चल रहे मामले को निपटाने के बदले बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत मांगी गई थी।
विज्ञापन
डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर - फोटो : संवाद/फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे के अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 
विज्ञापन


निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने पांच सेवारत और दो सेवानिवृत्त अधिकारियों सहित कुल सात अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किए हैं। इनमें आईएएस, आईपीएस और पीसीएस अधिकारी शामिल हैं। सभी को चंडीगढ़ स्थित ईडी कार्यालय में अलग-अलग तारीखों पर पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

ईडी की जांच का दायरा भुल्लर के कथित सहयोगी और बिचौलिए कृष्णु शारदा तक पहुंचने के बाद बढ़ा है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि शारदा के माध्यम से पंजाब सरकार के किन अधिकारियों से संपर्क किया जाता था और उनके बीच किस तरह का आर्थिक लेन-देन हुआ। बिचौलिए पर अधिकारियों से ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर कथित तौर पर उगाही करने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। ईडी यह भी पता लगाने में जुटी है कि सरकारी कामकाज, तबादलों और नियुक्तियों में किसी तरह का अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचाया गया था या नहीं।
विज्ञापन


इन सात अधिकारियों को भेजे समन
ईडी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राहुल (आईएएस) को 23 नवंबर को पेश होने के निर्देश दिए हैं। फरीदकोट मंडल के कमिश्नर के स्टाफ अधिकारी आनंद सागर शर्मा (पीसीएस) और सेवानिवृत्त अधिकारी अरुण शेखरी को 25 नवंबर को बुलाया गया है। सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग की विशेष सचिव नीरू कत्याल गुप्ता (आईएएस), फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह और जालंधर के पूर्व मंडल कमिश्नर गुरप्रीत सप्रा को 26 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा (आईपीएस) को 27 नवंबर को ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का समन भेजा गया है। अरुण शेखरी फरीदकोट, फिरोजपुर और जालंधर के मंडल कमिश्नर रह चुके हैं, जबकि गुरप्रीत सप्रा जालंधर के कमिश्नर रहे हैं।

सीबीआई की दो एफआईआर के आधार पर जांच
भुल्लर के खिलाफ ईडी ने सीबीआई की ओर से दर्ज दो एफआईआर के आधार पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की थी। इनमें रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं।

घर से साढ़े सात करोड़ नकदी और ढाई किलो सोना बरामद होने का दावा
सीबीआई ने भुल्लर के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-40 के आवास पर छापेमारी के दौरान करीब साढ़े सात करोड़ रुपये नकद, ढाई किलो सोना, करोड़ों रुपये की संपत्तियों के दस्तावेज, महंगी शराब और घड़ियां बरामद होने का दावा किया था। इसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। अब सात अधिकारियों को समन जारी कर एजेंसी कथित नेटवर्क के संपर्कों और वित्तीय कड़ियों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, पूछताछ के लिए समन जारी होने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित अधिकारी आरोपी हैं या उनके खिलाफ आरोप साबित हो चुके हैं।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें