पंजाब के लुधियाना में महिला सरपंच ने दादागिरी और रौब दिखाते हुए सरेआम रिश्वत की मांग की। महिला सरपंच ने किसी और से नहीं बल्कि भाजपा नेता से ही घूस मांगी है। पानी के कनेक्शन देने के बदले में सतजोत नगर इलाके की महिला सरपंच ने भाजपा नेता से ही चार लाख रुपये की रिश्वत मांग ली। हैरानी की बात यह है कि जब भाजपा नेता के पिता गए तो आरोपी महिला सरपंच ने फिर से रिश्वत की बात दोहराई और मुलाजिमों के साथ साथ अधिकारियों को भी हिस्सा देने की बात की।
भाजपा नेता गगनदीप सिंह सन्नी कैंथ ने सारी बात अपने फोन और दोस्त के फोन पर रिकार्ड कर ली। इसके बाद इसकी शिकायत एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर उक्त वीडियो अपलोड कर दी और सारी शिकायत भेज दी। मामले की जांच विजिलेंस के पास पहुंच गई। जांच के बाद भाजपा नेता गगनदीप सिंह सन्नी कैंथ की शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने सतजोत नगर इलाके की महिला सरपंच सुखविंदर कौर बावा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। विजिलेंस की टीम आरोपी महिला सरपंच का पता लगाने में जुटी है।
भाजपा नेता गगनदीप सिंह सन्नी कैंथ ने बताया कि वह प्रॉपर्टी कारोबार के साथ साथ कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उन्होंने सतजोत नगर इलाके में एक हजार गज का एक प्लाट लिया था। जुलाई 2024 में उक्त प्लाट का बयाना किया गया था और मार्च 2025 में उन्होंने कोठियों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। इसके बाद उन्हें महिला सरपंच सुखविंदर कौर बावा का फोन आया कि उन्होंने काम शुरू करवा दिया है, जिसकी जानकारी न तो उन्हें दी गई है और न उनसे मिले। इस पर सन्नी कैंथ आरोपी महिला सरपंच के घर उन्हें मिलने के लिए चले गए। वह अपने दफ्तर में बैठी थी और वहां बातचीत शुरू हो गई। अगले ही दिन महिला सरपंच ने पानी का कनेक्शन देने के बदले में उससे सीधे तौर पर घूस मांग ली।
20 हजार रुपये कोठी के हिसाब से बने 4 लाख
आरोपी महिला ने खुद ही अंदाजा लगाया कि वहां आठ कोठियां बनाई जाएंगी। पचास हजार रुपये कोठी के हिसाब से चार लाख रुपये की रिश्वत मांगनी शुरु कर दी। सन्नी कैंथ ने सारी बातचीत अपने फोन में रिकार्ड कर ली। सन्नी कैंथ ने बताया कि सरकारी रेट के अनुसार 11 सौ रुपये की पर्ची काटी जाती है और कनेक्शन दिया जाता है।
महिला सरपंच बोली- रुपये मैं अकली नहीं ले रही
सन्नी कैंथ ने अपने पिता को सारी बात बताई तो सन्नी कैंथ के पिता हरबंस सिंह के साथ भी महिला सरपंच ने बातचीत की। हरबंस सिंह के साथ सन्नी का दोस्त साजन भी चला गया। वहां आरोपी महिला ने उनसे बातचीत की और कहा कि यह पैसे वह अकेली नहीं ले रही, इसमें कई लोगों को हिस्सा जाना है। जिस पर आरोपी महिला ने डेढ़ लाख रुपये की बात की और कहा कि डेढ़ लाख रुपये मांगे थे।
एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर दी शिकायत
सन्नी के दोस्त ने सारी बात अपने फोन पर भी रिकार्ड कर ली और उस रिकार्डिंग को सन्नी के फोन पर सेंड कर दिया। जिसके बाद सन्नी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर की। जिसके बाद विजिलेंस की टीम ने जांच की और आरोप सही पाए गए। जिस पर विजिलेंस की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है। सन्नी कैंथ ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जिस काम के 11 सौ रुपये लगते हैं, उसी काम के पचास हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।