पंजाब के तरनतारन में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां तीन युवकों के साथ बुरी तरह से मारपीट की घटना हुई है। मारपीट में घायल एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज चल रहा है।
तरनतारन में हेरोइन (चिट्टा) का एक पैकेट गायब होने के बाद तीन युवकों को बाजार से अगवा कर बुरी तरह पीटा गया। बताया जा रहा है कि दो गाड़ियों में आए करीब सात युवकों ने बाजार में काम कर रहे तीन युवकों को जबरन उठा लिया। उन्हें पास के एक बैरक में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया।
मृतक युवक की पहचान गांव मरडीनो आबाद निवासी गुरलाल सिंह पुत्र कुलवंत सिंह के रूप में हुई है। मृतक की बहन नीलम और चाचा सरबजीत सिंह ने बताया कि गुरलाल सिंह काम के लिए अलगो कोठी मंडी गया था। रात करीब ढाई बजे उन्हें गुरलाल की मौत की सूचना मिली, जबकि उसके साथी भिखीविंड के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। परिवार ने सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के लिए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर भाजपा नेता सितारा सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की। थाना सदर पट्टी के एसआई विनोद कुमार ने बताया कि नशे के पैकेटों को लेकर दो पक्षों में आपसी विवाद हुआ था। इस विवाद को सुलझाने के लिए वे शेर सिंह के घर गए थे, जहां मामला उलझने के बाद एक पक्ष ने अन्य युवकों के साथ मिलकर मारपीट की।