सीआईए स्टाफ तरनतारन पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर सीमावर्ती गांव भाई लधू में छापा मारा। पुलिस को सवा दो किलो हेरोइन और एक लाख 25 हजार ड्रग मनी बरामद हुई है। माैके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया जिन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
जिला पुलिस प्रमुख दीपक पारीक ने बताया कि एसपी (आई) रिपुतपन सिंह, डीएसपी (आई) सुखबीर सिंह, सीआईए स्टाफ प्रमुख प्रभजीत सिंह पर आधारित गठित टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि सीमावर्ती गांव भाई लधू निवासी हरप्रीत सिंह लंबे समय से पाकिस्तान के संपर्क में है और बड़े पैमाने पर ड्रोन के जरिए हेरोइन की खेप मंगवाता आ रहा है।
तस्कर हरप्रीत ने की थी दो शादियां
नशा तस्कर हरप्रीत सिंह ने दो शादियां की हैं और उसकी दोनों पत्नियां बलजिंदर कौर और मनप्रीत कौर भी इस धंधे में शामिल हैं। नशा तस्कर हरप्रीत सिंह अपनी दोनों पत्नियों की मदद से अलग-अलग जगहों पर हेरोइन की खेप पहुंचाता था ताकि पुलिस को महिलाओं पर शक न हो। मंगलवार को खुफिया सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ की टीम ने हरप्रीत सिंह के घर पर छापा मारा। हालांकि वह मौके पर फरार हो गया, लेकिन उसकी दोनों पत्नियों मनप्रीत कौर और बलजिंदर कौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
दोनों ने बताया कि घर में बने मुर्गियों के बाड़े में काले रंग के लिफाफे में लपेट कर हेरोइन छिपाई हुई है। पुलिस पार्टी ने बाड़े से सवा दो किलो हेरोइन बरामद करके दोनों महिलाओं से एक लाख 25 हजार की ड्रग मनी भी बरामद कर ली। दोनों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।