पंजाब सरकार की तरफ से नशे की रोकथाम के लिए युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। सरकार सभी जिलों के बीच ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और साथ ही बड़ी मात्रा भी इसे जब्त भी कर रही है। राज्य सरकार 31 मई तक प्रदेश को नशा मुक्त करने का दावा कर रही है।
इस बीच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की एक रिपोर्ट ने सभी को चौंका दिया है। रिपोर्ट के अनुसार इंडो-पाक बॉर्डर के साथ लगते राज्यों में पंजाब ड्रग्स तस्करी के मामलों में दूसरे नंबर पर है। सिर्फ राजस्थान ही पंजाब से आगे है। पिछले तीन साल में सूबे में ड्रग्स जब्त के रिकाॅर्ड 33 हजार मामले सामने आए हैं।
हाल ही में एनसीबी की इस रिपोर्ट को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने संसद में भी पेश किया था। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 के दौरान पंजाब में ड्रग्स के रिकाॅर्ड 9,025 मामले सामने आए, जिसमें 46,227 किलोग्राम ड्रग्स की जब्त की गई। वर्ष 2023 में 11,564 मामले सामने आए थे और इस दौरान 47,475 किलोग्राम ड्रग्स की जब्ती की गई थी। वर्ष 2022 में 12,423 मामलों में 51,252 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गई, जो पिछले तीन साल में सबसे अधिक थी।
एनसीबी की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब सीमा सबसे अधिक प्रभावित रही है, जहां राज्य या केंद्रीय एजेंसियों द्वारा ड्रग्स, जाली नोट और हथियारों और गोला-बारूद की अधिकतम जब्ती की गई है। इसमें भारी मात्रा में हेरोइन, अफीम, चरस और अन्य ड्रग्स शामिल हैं। पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में एके-47, एके-56, राइफल, आरडीएक्स, विदेशी निर्मित राइफलें और जाली नोट भी जब्त किए गई हैं।
ड्रोन से बढ़ रही तस्करी, अमृतसर सबसे अधिक प्रभावित
रिपोर्ट के अनुसार हाल भारत में ड्रोन के जरिये हेरोइन की तस्करी एक नई चुनौती है। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब सीमा पर ऐसे मामले सामने आए हैं। ड्रोन के जरिये तस्करी के मामले में अमृतसर सेक्टर सबसे संवेदनशील है। अब राज्य सरकार सीमा पर एंटी ड्रोन सिस्टम लगाने की भी तैयारी कर रही है।
अब तक 586 किलोग्राम हेरोइन जब्त
पंजाब सरकार की तरफ से चलाए जा रहे युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के दौरान 1 मार्च, 2025 से अब तक 8352 एफआईआर दर्ज करके 14183 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। नशा तस्करों के कब्जे से 586 किलोग्राम हेरोइन, 246 किलोग्राम अफीम, 135 क्विंटल भुक्की, 8.9 किलोग्राम चरस, 193 किलोग्राम गांजा, 2.5 किलोग्राम आईसीई, 1.6 किलोग्राम कोकीन, 25.70 लाख नशीली गोलियां, कैप्सूल और 10.75 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई है।
इंडो-पाक बॉर्डर के साथ लगते सभी राज्यों की स्थिति
गुजरात केस जब्त ड्रग्स (किलोग्राम में)
वर्ष 2022 516 29,157
वर्ष 2023 604 26,624
वर्ष 2024 623 20971
जम्मू एंड कश्मीर केस जब्त ड्रग्स
वर्ष 2022 1875 20857
वर्ष 2023 2149 11066
वर्ष 2024 1539 5708
पंजाब केस जब्त ड्रग्स
वर्ष 2022 12,423 51,252
वर्ष 2023 11,564 47475
वर्ष 2024 9,025 46,227
राजस्थान केस जब्त ड्रग्स
वर्ष 2022 3,738 1,76,321
वर्ष 2023 5,098 2,94,582
वर्ष 2024 5,462 2,31,814