पंजाब के बठिंडा में ज्वेलर की दुकान में काम करने वाली युवती ने दुकान में ही डाका डाल दिया। युवती दुकान से सोने के गहने चोरी करती थी। युवती ने दुकान से एक या दो बार नहीं बल्कि कई बार गहनों पर हाथ साफ किया। गहने चुराने के बाद वह अपने जीजा को देती थी। जो गहनों को आगे बेचता था। युवती का जीता अमृतसर में ज्वेलरी की दुकान करता है। युवती ने चोरी के गहनों से इतनी कमाई कर ली कि उसने दो प्लाट खरीद लिए। चोरी पकड़े जाने पर पुलिस ने युवती को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके जीजा के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। युवती की पहचान रजनी के तौर पर हुई है।
आरोपी युवती रजनी बठिंडा के थाना कोतवाली एरिया के बाजार में स्थित सुनार की दुकान पर काम करती थी। दुकान से गहने चोरी करने के बाद युवती अमृतसर में रहने वाले अपने जीजा को गहने देती थी। रजनी का जीजा चोरी गहनों से होने वाली कमाई का 70 फीसदी हिस्सा उसे देता था और 30 प्रतिशत अपने पास रखता था। पुलिस ने जांच के बाद पुलिस ने आरोपी युवती के जीजा हरजिंदर सिंह को भी नामजद करके उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार करीब 12 दिन पहले थाना कोतवाली पुलिस के पास एक ज्वेलर ने शिकायत दी थी कि उसकी दुकान पर काम करने वाली युवती रजनी दुकान से बड़ी मात्रा में गहने चोरी कर चुकी है। पुलिस ने जांच के बाद युवती रजनी को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी युवती पुलिस रिमांड पर थी।
सूत्रों के अनुसार युवती ने पुलिस रिमांड के दौरान खुलासा किया कि वह दुकान से जो भी सोने के गहने चोरी करती थी वो अमृतसर में ज्वेलर का काम करने वाले अपने जीजा हरजिंदर सिंह को भेज देती थी। जो चोरी किए हुए गहनों को अपनी दुकान से आगे ग्राहकों को बेचता था। इसके अलावा युवती ने खुलासा किया कि उसने चोरी किए हुए गहनों से कमाई करके बठिंडा में दो प्लाट भी खरीदे और अन्य प्रापर्टी भी बनाई है। युवती ने भी दुकान मालिक पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस युवती के आरोपों की भी जांच कर रही है। थाना कोतवाली के एसएचओ परमिंदर सिंह का कहना है कि आरोपी युवती रजनी की प्रॉपर्टी की गहराई से जांच की जा रही है।