आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
- फोटो : अमर उजाला
होशियारपुर के न्यू दीप नगर इलाके में मंगलवार रात से लापता 5 साल के बच्चे हरवीर की हत्या कर दी गई। बच्चे का शव बुधवार को रहीमपुर स्थित श्मशान घाट से बरामद किया गया।
पुलिस ने इस जघन्य अपराध में एक प्रवासी मजदूर को गिरफ्तार किया है। होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक के अनुसार, बच्चा मंगलवार शाम न्यू दीप नगर से लापता हुआ था। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी, जिसमें एक व्यक्ति उक्त बच्चे को एक्टिवा पर ले जाता दिखा। फुटेज से पुलिस ने एक्टिवा के मालिक का पता लगाया और उसने पुष्टि की कि उसके साथ काम करने वाला एक प्रवासी मजदूर उसकी एक्टिवा ले गया था। इसके बाद मंगलवार देर रात संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जो नशे में धुत था।
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने नशे में बच्चे का अपहरण और हत्या करने की बात कबूली। उसने शव को छिपाने की जगह का भी खुलासा किया। उसी आधार पर, पुलिस ने बुधवार सुबह स्थानीय सब्जी मंडी के पीछे स्थित श्मशान घाट से बच्चे का शव बरामद किया। पीड़ित का परिवार दो महीने पहले फगवाड़ा गांव से होशियारपुर आया था। एसएसपी मलिक ने घटनास्थल का दौरा कर इसकी पुष्टि की कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। एसएसपी ने कहा, यादव नाम का आरोपी बिहार का एक प्रवासी मजदूर है, अपराध के समय नशे की हालत में था। मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जल्द अदालत में पेश किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले भी कुछ मामले दर्ज हैं और वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। विधायक ब्रह्मशंकर जिम्पा ने कहा कि इस दुखद घटना ने स्थानीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और अधिवक्ताओं से मामले की शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित करने और आरोपी को मृत्युदंड दिलाने का आग्रह किया। पार्षद कविंदर कौर ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।