डॉ. अनिलजीत कंबोज का क्लीनिक।
- फोटो : संवाद
पंजाब के मोगा में पंजाबी अभिनेत्री तानिया कंबोज के पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज पर फायरिंग मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। विदेश में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा द्वारा डॉ. अनिलजीत कंबोज से फिरौती न मिलने पर 4 जुलाई को उनके क्लीनिक पर करवाई गई फायरिंग के मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरमीत सिंह मीतू निवासी पट्टी, जिला तरनतारन का रहने वाला है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि हरमीत सिंह मीतू गैंगस्टर लखबीर सिंह लंडा के गिरोह का खास एसोसिएट है और किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को हथियार मुहैया कराता था। फिलहाल, इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपी छह दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस आरोपी हरमीत सिंह मीतू को अदालत में पेश करेगी।
इसके अलावा मोगा पुलिस को मार्च 2025 में रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने लखबीर सिंह लंडा गैंग के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक लखबीर सिंह लंडा का मामा बलजिंदर सिंह निवासी भी शामिल है। आरोपी पट्टी का रहने वाला है, जो सारे रंगदारी के पैसों हिसाब-किताब रखता था। अन्य दो गिरफ्तार आरोपी गगनप्रीत सिंह निवासी दातेवाल (मोगा) और लभप्रीत सिंह निवासी खोसा पांडे (मोगा) हैं, जो रंगदारी की रकम वसूलने का काम करते थे।