लुधियाना में पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर के घर दबिश दी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मौके से सात युवकों को नशा करते हुए पकड़ा। वहीं, महिला को भी हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
लुधियाना में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच और थाना डिवीजन नंबर-7 की संयुक्त पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरु अर्जुन देव नगर स्थित एक मकान में दबिश देकर हेरोइन की खरीद-फरोख्त कर रही महिला तस्कर को दबोच लिया।
विज्ञापन
घर में सात युवक कर रहे थे नशा
पुलिस टीम ने मौके पर ही नशा कर रहे सात अन्य युवकों को भी रंगे हाथ काबू किया है। मिली जानकारी के अनुसार 27 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरु अर्जुन देव नगर के एलआईजी फ्लैट्स में रहने वाली एक महिला बड़े पैमाने पर हेरोइन बेचती है। वह न सिर्फ अपने घर से ग्राहकों को नशीला पदार्थ सप्लाई करती थी, बल्कि उन्हें घर के अंदर ही बैठकर नशा करने की सहूलियत भी देती थी।
सूचना की पुष्टि होते ही क्राइम ब्रांच और डिवीजन सात पुलिस की टीम ने ठिकाने पर अचानक घेराबंदी कर दी। तलाशी अभियान के दौरान महिला के कब्जे से हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थ के साथ साथ एक डिजिटल कांटा बरामद किया गया। छापेमारी के समय कमरे में मौजूद सात लोग नशा कर रहे थे जिनके पास से इस्तेमाल की गई प्रयुक्त पन्नियां और खाली लिफाफे जब्त किए गए हैं।
विज्ञापन
यह ऑपरेशन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, डीसीपी रूरल गुरसेवक सिंह बराड़, एडीसीपी जोन-4 जशनदीप सिंह गिल, एसीपी ईस्ट राज कुमार और एसीपी क्राइम ब्रांच दीपकरन सिंह की देखरेख में संचालित किया गया। वहीं जमीनी स्तर पर इस रेड को अंजाम देने में क्राइम ब्रांच की टीम ने अहम भूमिका निभाई। थाना डिवीजन सात के एसएचओ इंस्पेक्टर गगनदीप ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।