हत्यारोपियों को कड़ी सजा की मांग करते कुंवरपुर ग्रामीण
- फोटो : वीडियो ग्रैब
चंदपा के गांव कुंवरपुर के गोपाल की हत्या में उसकी सौतेली बेटी शालिनी की संलिप्तता सामने आई है। फरीदाबाद पुलिस ने दो वीडियो के अहम सुराग मिलने के बाद शालिनी को हिरासत में लिया है। इधर, ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर हत्यारोपियों को फांसी दिए जाने की मांग उठाई।
गोपाल की हत्या 14 अक्तूबर की रात को उसकी पत्नी काजल और कथित प्रेमी योगेंद्र ने गला रेतकर की थी। योगेंद्र भी कुंवरपुर गांव का ही रहने वाला है। पुलिस ने पहले काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। परिजनों ने शालिनी के शामिल होने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। मृतक के भाई भूरी सिंह ने बताया कि 11 अक्तूबर की सुबह गोपाल जेवर क्षेत्र में मरणासन्न हालत में मिला था। परिजनों को मिली दो वीडियो से पता चला कि योगेंद्र ने 10 अक्तूबर को गोपाल का अपहरण किया था। मारपीट के बाद उसे मरा समझकर जेवर में फेंक दिया था, लेकिन वह बच गया।
वीडियो से मिले अहम सुराग
वीडियो में घायल गोपाल ने योगेंद्र का नाम लिया था। शालिनी ही गोपाल को काले रंग की गाड़ी से जेवर लेकर पहुंची थी। इसके तीन दिन बाद उसकी हत्या हो गई। ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर काजल और योगेंद्र को फांसी देने की मांग की। भूरी सिंह ने शालिनी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा देने की मांग की।