अबोहर के गांव बुर्जमुहार में एक व्यक्ति ने घर पर फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। व्यक्ति ने उस समय यह खौफनाक कदम उठाया जब परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे, लेकिन वे बाहर आंगन में थे और व्यक्ति ने कमरे में फंदा लगा लिया।
मृतक व्यक्ति अपने बुजुर्ग पिता की गंभीर बीमारी की वजह से मानसिक रूप से परेशान था। इसी वजह से उसने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक दो मासूम बच्चों का पिता था।
जानकारी के अनुसार लगभग 27 वर्षीय कुशलदीप मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाला था। उनका परिवार तीन वर्ष पहले बुर्जमुहार में आकर बस गया था और यहां खेती कर रहा था। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।
परिजनों के अनुसार कुशलदीप के पिता को करीब एक वर्ष पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद से उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। पिता की बीमारी और मानसिक तनाव के कारण वह काफी परेशान रहता था। शनिवार दोपहर जब परिवार के सदस्य आंगन में मौजूद थे, तब कुशलदीप ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से लटका मिला। उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई गुरमीत सिंह ने परिजनों के बयानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।