बरनाला के सरकारी अस्पताल की तीसरी मंजिल पर युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान बरनाला के भदौड़ विधानसभा हलके के गांव कोठे सुखपुरा के रहने वाले गुरमुख सिंह (26) पुत्र जगराज सिंह के रूप में हुई है। गुरमुख एक नवंबर को नौकरी की तलाश में घर से निकला था।
अस्पताल के सफाई कर्मचारी जब तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो वहां बदबू आ रही थी। वहां जाकर देखा तो युवक का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी मे रखवाया।
गांव के सरपंच ने बताया कि गुरमुख सिंह बीए पास था। पिछले साल उसकी शादी हुई थी। उसकी मां का तीन साल पहले और दादी का तीन महीने पहले देहांत हो गया था। बेरोजगार होने के कारण वह नौकरी की तलाश में अपने प्रमाण पत्र लेकर घर से चला जाता था और कई दिनों बाद घर लौटता था। गुरमुख सिंह एक नवंबर को घर से निकला था और वापस घर नहीं लौटा।
एसएमओ बरनाला डॉ. इंदु बांसल ने बताया कि अस्पताल की तीसरी मंजिल के अंदर से आ रही दुर्गंध के कारण अस्पताल स्टाफ को इसकी जानकारी मिली, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। डीएसपी सतवीर सिंह बैंस ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।