पंजाब के कपूरथला में एक बड़े व्यापारी को फोन कॉल पर धमकी दी गई है। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है। कारोबारी को जिस नंबर से कॉल आई थी उसको भी ट्रेस किया जा रहा है। इसकी पुष्टि एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने की है और जल्द ही धमकी देने वाले को काबू करने का दावा भी किया है।
सूत्रों के अनुसार कपूरथला शहर के एक बड़े व्यापारी को पहले लैंडलाइन पर कॉल कर धमकी दी गई। उसके बाद जब दोबारा व्यापारी ने फोन नहीं उठाया तो उसको व्हाट्सएप कॉल कर धमकी देकर फिरौती मांगी गई है। फोन करने वाला अपने आपको किसी गैंगस्टर से जुड़ा होने की बात कह रहा था।
वहीं पुलिस अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्दी फोन कॉल करने वाला काबू कर लिया जाएगा। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।