मोगा के कस्बा धर्मकोट के अंतर्गत आने वाले गांव बस्ती भाटेके में बीती रात गांव के मौजूदा सरपंच जसवंत सिंह (30) ने अपने घर में लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, जसवंत सिंह आम आदमी पार्टी के मौजूदा सरपंच थे और तीन बच्चों के पिता थे। जसवंत सिंह को सर्वसम्मति से गांव वालों ने सरपंच चुना था। बुधवार रात खाना खाने के बाद जसवंत सिंह अपने कमरे में गए और कुछ समय बाद उन्होंने खुद को गोली मार ली। परिजनों ने गोली की आवाज सुनकर कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा, तो सरपंच खून से लथपथ हालत में पड़े थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
धर्मकोट थाना प्रभारी (एसएचओ) गुरमेल सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव बस्ती भाटेके में सरपंच जसवंत सिंह जस्सा ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सरपंच ने किसी परेशानी के चलते यह कदम उठाया, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। मृतक के पिता के बयान के आधार पर बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।