पंजाब में शनिवार को आम आदमी पार्टी ने विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन शिरोमणि अकाली दल और सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ किया गया। पार्टी का आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की फर्जी वीडियो को लेकर गलत प्रचार किया जा रहा है।
मोगा में प्रदर्शन
मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े वायरल वीडियो विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोगा के जोगिंदर चौक में शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में मोगा जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कथित फर्जी वीडियो बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पंजाब महिला विंग के प्रधान और मोगा विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने एआई की मदद से एक फर्जी वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को बदनाम करने की कोशिश की लेकिन सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल पहले भी ऐसे मामलों में माफी मांग चुका है, लेकिन फिर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा।