बीएसएफ की सर्च में बरामद सामान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
ममदोट में सरहद पर लगी फेंसिंग पार भारतीय सीमा में पाक तस्करों की गतिविधियां देख बीएसएफ ने फायरिंग कर दी जिसके बाद पाक तस्कर हेरोइन व असलहा छोड़ वहां से भाग गए। मंगलवार सुबह सर्च अभियान के दौरान हेरोइन के दो पैकेट, चाइना मेड एक पिस्टल, एक मैगजीन व आठ कारतूस बरामद हुए हैं। यह घटना सरहद पर बनी बीएसएफ की बीओपी नत्था सिंह वाला के नजदीक घटी है।
यह भी पढ़ें: पुलिस की हिरासत में नहीं है अमृतपाल... हाईकोर्ट में बोली पंजाब सरकार-याची के पास सबूत है तो दे
बीएसएफ बटालियन-160 के जवान सोमवार रात के समय फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे कि उन्होंने बीओपी नत्था सिंह वाला के नजदीक फेंसिंग पार भारतीय सीमा में पाक तस्करों की हरकत महसूस की। बीएसएफ ने अंधेरे में ही पाक तस्करों पर गोलियां दागनी शुरू कर दीं। पाक तस्कर वहां पर हेरोइन व असलहा की खेप छोड़कर भाग गए। मंगलवार सुबह बीएसएफ ने स्पेशल सर्च अभियान शुरू किया तो फेंसिंग पार गेहूं के खेत में से हेरोइन के दो पैकेट, इनमें दो किलो हेरोइन बरामद हुई, उक्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस करोड़ रुपये कीमत आंकी है। इसके अलावा चाइना मेड एक पिस्टल, एक मैगजीन और आठ कारतूस बरामद हुए हैं। बीएसएफ आसपास के एरिया में भी सर्च अभियान चलाकर चेकिंग कर रही है।