बठिंडा व आसपास के गांवों में छीना झपटी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपियों से छीने जेवर, अवैध हथियार और दो एक्टिवा समेत पांच चोरी की मोटरसाइकिल, एक स्कॉर्पियो और एक किलो नशीला पाउडर बरामद किया गया है।
उनकी पहचान नवीन कुमार उर्फ निक्का, सुखदेव सिंह उर्फ मंदर निवासी मोगा और मुकेश कुमार निवासी फतेहाबाद (हरियाणा) के तौर पर हुई है।
आरोपी नवीन को मोगा पुलिस छीना झपटी की वारदात में भगोड़ा घोषित कर चुकी है। एसएसपी बठिंडा राजेश्वर सिंह सिद्धू ने बताया कि जिले में घट रही छीना झपटी की वारदात को ट्रेस करने के लिए एसपी सिटी देसराज और एसपी डी विनोद कुमार की अगुवाई में एक पुलिस टीम गठित की गई थी।
उन्होंने सोमवार रात बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर कैंट के पास से एक स्कॉर्पियो को चेकिंग के लिए रोका। इसमें से पुलिस ने एक किलो नशीला पाउडर और देशी हथियार बरामद किए। गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
उनकी निशानदेही पर चोरी की दो एक्टिवा, पांच मोटरसाइकिल और सोने के जेवर बरामद किए। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान माना कि वे जिले में छीना झपटी की वारदातों को अंजाम देकर अपने ठिकानों पर चले जाते थे।