गांव बलाहड बिंझू में एक छप्पड़ के पास से दो श्री गुटका साहिब मिले। सोमवार को सुबह इनमें से एक श्री गुटका साहिब के कुछ अंग फटे हुए थे।
इस घटना का पता चलते ही भारी संख्या में गांव के लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों श्री गुटका साहिब को तख्त श्री दमदमा साहिब में रखवा दिया।
थाना नेहियांवाला के प्रभारी भरपूर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें गांव बलाहड बिंझू में श्री गुटका साहिब की बेअदबी की घटना संबंधी सूचना मिली थी।
इसके बाद वे पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत रहने की अपील करते दोनों श्री गुुटका साहिब को सिख मर्यादा के अनुसार तलवंडी साबो स्थित श्री दमदमा साहिब में रखवा दिए।
उन्होंने बताया कि गांव निवासी बुध सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अकाली दल मान के जिला अध्यक्ष परमिंदर सिंह बालियांवाली का कहना है कि पुलिस प्रशासन व प्रदेश सरकार श्री गुरु ग्रंथ साहिब व श्री गुटका साहिब की बेअदबी करने वाले आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। इसके चलते आए दिन ऐसी घटना हो रही हैं।