स्थानीय परसराम नगर में अपने प्रेमी व उसके दोस्तों के साथ मिलकर पति की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी महिला और तीनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी महिला मीना रानी ने चार माह पहले भी अपने ससुर की भी पति की तरह हत्या कर दी थी, मगर उसके बारे में किसी को पता नहीं चला था। पुलिस की ओर से पकडे़ आरोपियों की पहचान मीना रानी, उसका प्रेमी मनी सिंह, दोस्त मनप्रीत सिंह और संदीप सिंह निवासी मोगा के तौर पर हुई है।
एसएसपी बठिंडा स्वपन शर्मा ने सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि आरोपी महिला की 12 साल पहले अशोक कुमार के साथ मोगा में शादी हुई थी। वहां पर उसके ससुराल के पड़ोस में रहने वाले मनी सिंह के साथ अवैध संबंध स्थापित हो गए थे और वह दो बार अपने प्रेमी संग घर से भाग गई थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पंचायती राजीनामे के अनुसार अशोक कुमार अपनी पत्नी मीना रानी और तीनों बच्चों समेत बठिंडा में आकर रहने लगा। वह वहां पर मिस्त्री का काम करने लगा। एसएसपी ने बताया कि इस दौरान उक्त महिला का ससुर सोमदत्त भी उनके साथ बठिंडा में रहने लगा। उसको अक्तूबर माह में उक्त महिला ने अपने प्रेमी व उसके दोनों दोस्तों के साथ मिलकर गला घोंट कर मार दिया था।
इसके बारे में किसी को पता नहीं चला और वह बात दबकर रह गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी मनी सिंह वहां पर भी उक्त महिला के पास आता रहता था, जिसका अशोक कुमार विरोध करता था। इसके चलते बीते दिनों उक्त महिला ने अपने पति को मारने के लिए पहले उसे शराब पिलाई और फिर उसे नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश करने के बाद उसका गला घोंट कर हत्या कर दी।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी प्रेमी मनी सिंह पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी है। उन्होंने बताया कि महिला और उसके तीनों साथियों पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि उक्त हत्या का केस सुलझाकर बठिंडा पुलिस ने तीन मासूमों की जिंदगियां बचा ली है, जिनको उक्त आरोपी कुछ माह के बाद मौत के घाट उतारने वाले थे।
एसएसपी के अनुसार आरोपी महिला अपने प्रेमी व उसके दोस्तों के साथ मिलकर ससुर व पति की तरह बच्चों को भी मौत के घाट उतार देने की योजना बना रही थी।