क्राउन चिटफंड कंपनी के एजेंटों की ओर से लोगों के साथ ठगी मारने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
इसके चलते बठिंडा में शुक्रवार को एक और नया मामला सामने आया है। इसमें उक्त कंपनी के एजेंट अरुण गर्ग, रूबी गर्ग और रवि गर्ग निवासी अजीत रोड ने अपनी ही गली में रहने वाले अशोक कुमार से किसी आयुर्वेदिक कंपनी में निवेश करने के लिए 49 लाख लिए।
वहीं जब अशोक गोयल ने उनसे निवेश की गई रकम का हिसाब मांगा तो वे टाल मटोल करने लगे। कुछ ही दिनों में पता चला कि उक्त तीनों ने मिलकर उसका पैसा क्राउन कंपनी में निवेश किया था, जो लूटकर फरार हो गई।
कोतवाली पुलिस ने पीड़ित अशोक कुमार की शिकायत के आधार पर क्राउन कंपनी के एजेंट अरुण गर्ग, रूबी गर्ग और रवि गर्ग निवासी अजीत रोड बठिंडा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एएसआई गुरदेव सिंह का कहना है कि उक्त आरोपी क्राउन कंपनी के एजेंट थे। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।