गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का जेल से इंटरव्यू वायरल होने के बाद से बठिंडा केंद्रीय जेल चर्चा में है। शुक्रवार को एनएलजेडी यंत्र से जेल परिसर की चेकिंग की गई। इस चेकिंग के दौरान जेल प्रशासन ने जमीन में दबे हुए चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। थाना कैंट पुलिस ने जेल अधिकारी सिकंदर सिंह के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में केंद्रीय जेल के सहायक अधीक्षक सिकंदर सिंह ने बताया कि 12 मार्च को जब जेल प्रशासन द्वारा पूरे जेल परिसर की चेकिंग की जा रही थी तो चेकिंग के दौरान चार विभिन्न तरह के मोबाईल फोन बरामद किए गए। थाना कैंट पुलिस के एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने जेल अधिकारी सिकंदर सिंह के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जेल नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: Mansa: गांव कोटली कलां में छह साल के बच्चे की हत्या, बुलेट पर आए आरोपियों ने मारी गोली, बहन भी घायल
एनएलजेडी यंत्र से जेल परिसर में हो रही लगातार चेकिंग
एनएलजेडी यंत्र से जेल परिसर में लगातार चेकिंग की जा रही है। इस यंत्र को हिंदी में गैर रेखीय जंक्शन डिटेक्टर कहा जाता है। इस यंत्र की खासियत है कि यह जमीन में कई फीट तक नीचे दबी वस्तु को ढूंढ लेता है। ऐसे में अब जेल प्रशासन द्वारा इस यंत्र का इस्तेमाल कर लगातार चेकिंग की जा रही है। 12 मार्च को भी जेल प्रशासन जब उक्त यंत्र से चेकिंग कर रहा था तो चार विभिन्न तरह के मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद हुए चार मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस
गैर रेखीय जंक्शन डिटेक्टर की सहायता से जेल परिसर में जमीन अंदर दबे चार मोबाइल फोन को जेल प्रशासन ने बरामद करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। जिस के बाद थाना कैंट पुलिस ने उक्त चारों मोबाइल की जांच शुरू कर दी है।
पिछले दिनों गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई ने एक टीवी चैनल को वीडियो के जरिए इंटरव्यू दिया था। बिश्नोई अभी बठिंडा की केंद्रीय जेल में बंद है। हालांकि जेल अधिकारी एनडी नेगी समेत डीजीपी गौरव यादव तक दावा कर चुके है कि गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई ने पंजाब की किसी भी जेल से कोई भी इंटरव्यू टीवी चैनल को नहीं दिया है।
तिहाड़, जयपुर जेल में रह चुका है बिश्नोई
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अभी बठिंडा की केंद्रीय जेल में बंद है। वह राजस्थान की जयपुर जेल में भी लंबा समय रह चुका है। इसके अलावा बिश्नोई काफी समय तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद रहा है।