सात वर्षों के बाद पहली बार मत पर्ची के माध्यम से श्री दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी के चुनाव में दो प्रमुख गुटों में पूरा दिन बार-बार विवाद होते रहे। एक दो बार तो नौबत हाथापाई तक पहुंच गई लेकिन मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों के हस्तक्षेप से बड़ी व अप्रिय घटना नहीं हुई। दोपहर बाद वोटिंग के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वोटरों पर दबाव बनाने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के समर्थकों में मंदिर कैंपस में ही हाथापाई हो गई।
मतदान के दौरान पोलिंग केंद्र के बाहर अध्यक्ष पद की उम्मीदवार प्रो. लक्ष्मी कांता चावला और पूर्व अध्यक्ष रमेश शर्मा के समर्थकों में बहसबाजी व हाथापाई भी हुई। सुबह मतदान शुरू होने वक्त ही सत्ताधारी और विपक्ष के ग्रुपों में तू-तू, मैं-मै शुरू हो गई कि बैलेट पेपर बाहर लोगों के हाथों में है। जिसके चलते प्रबंधकों और चुनाव अधिकारी बलबीर बजाज ने दोनों पक्षों को बुलाकर विवाद को सुलझाया। जिसके चलते वोटिंग एक घंटा तक प्रभावित रही। पहले श्री दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी के चुनाव सर्वसम्मति से होते रहे हैं।
श्री दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी के इतिहास में पहली बार कोई महिला अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में उतरी है। इस बार पूर्व स्वास्थ्य मंत्री लक्ष्मीकांता चावला श्री दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए किस्मत आजमा रही हैं। श्री दुर्ग्याणा मंदिर प्रबंधक कमेटी के चार पदों, अध्यक्ष, महासचिव, वित्त सचिव व मैनेजर के लिए कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चारों पदों पर तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। मुकाबले में इस बार आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। वोटरों को किसी तरह की कोई मुश्किल न आए इसके लिए अध्यक्ष पद के लिए मत पर्ची का रंग केसरी रखा गया है। उसके के लिए बैलेट पेपर डालने के लिए भी बक्से का रंग केसरी ही रखा गया है। इसी तरह महासचिव के उम्मीदवारों के लिए मत पर्ची का रंग पीला है व उम्मीदवार चुनने के बाद वोट के रूप में मत पर्ची को पीले रंग के बक्से में ही डालेंगे। वित्त सचिव के उम्मीदवार के चयन के लिए बैलेट पेपर का रंग गुलाबी रखा गया है। जबकि मैनेजर के पद के चयन के लिए बैलेट पेपर का रंग नीला रखा गया है।
इनमें है मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए रमेश शर्मा, प्रो लक्ष्मी कांता चावला, अजय कपूर मैदान में है। महासचिव पद के लिए राजीव जोशी, शरत सेखड़ी और अरुण खन्ना किस्मत आजमा रहे हैं। वित्त सचिव के लिए रमेश कुमार शर्मा, विपिन चोपड़ा और विमल अरोड़ा मैदान में हैं। मैनेजर की पोस्ट के लिए मुकाबला सुरिंदर गोगा, अनिल शर्मा और सुकरात कालड़ा के मध्य है।