गुरदासपुर। भारत ने एक बार फिर अपनी दरियादिली का परिचय दिया है। भारत में घुसे दो पाकिस्तानी युवकों को बीएसएफ ने पाक रेंजर्स को सौंप दिया। दोनों युवक गलती से सरहद पार कर हिंदुस्तान की सीमा में पहुंच गए थे।
बुधवार को भारत पाक सीमा पर तैनात बीएसएफ की 10 बटालियन के जवानों ने डेरा बाबा नानक टाउन के पास करीब सवा ग्यारह बजे दो संदिग्ध युवकों को घूमते हुए पकड़ा। उनके पास से दो मोबाइल, 500 रुपये की पाकिस्तानी नकदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
गुरदासपुर में तैनात बीएसएफ के डीआईजी प्रभाकर जोशी ने बताया कि दोनों युवक करीब 10 मीटर भीतर आ चुके थे। दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम किशन मसीह पुत्र सलस मसीह(26) और रबीज मसीह (18) पुत्र साजिद मसीह बताया। दोनों गांव भोला बाजवा जिला नारौवाल के निवासी थे। प्रारंभिक पूछताछ के लिए उन्हेें उच्च अधिकारियों के पास भेज दिया गया। वहां लंबी पूछताछ के बाद सामने आया कि दोनों युवक गलती से भारतीय सीमा में घुस गए थे। अच्छी तरह संतुष्ट होने के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें बीएसएफ रेंजर्स को सौंप दिया।